Bareilly News: बैंक हड़ताल से करोड़ों का लेनदेन प्रभावित, तीन दिन कारोबारियों के पास रहेगा कैश, बढ़ी सुरक्षा की चिंता बरेली। देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर शुक्रवार को बरेली के बैंकिंग कामकाज के साथ कारोबार पर भी दिखाई दिया। कई बैंक शाखाओं के ताले नहीं खुले तो नकदी जमा करने से लेकर चेक क्लीयरेंस और श

Bareilly News: बैंक हड़ताल से करोड़ों का लेनदेन प्रभावित, तीन दिन कारोबारियों के पास रहेगा कैश, बढ़ी सुरक्षा की चिंता
बरेली। देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर शुक्रवार को बरेली के बैंकिंग कामकाज के साथ कारोबार पर भी दिखाई दिया। कई बैंक शाखाओं के ताले नहीं खुले तो नकदी जमा करने से लेकर चेक क्लीयरेंस और शाखाओं से जुड़े दूसरे काम प्रभावित रहे। डिजिटल बैंकिंग और यूपीआई ने जरूर कुछ राहत दी, लेकिन पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, मंडी और थोक कारोबार से जुड़े व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई। अब शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण बड़ी मात्रा में नकदी तीन दिन तक कारोबारियों के पास रहने से सुरक्षा की चिंता भी सताने लगी है।
पेट्रोल पंप से मंडी तक नहीं जमा हो सका कैश हड़ताल का सबसे ज्यादा असर ऐसे कारोबार पर पड़ा, जहां रोजाना बड़ी मात्रा में नकदी आती है। पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, किराना कारोबारियों, मंडी के आढ़तियों और थोक व्यापारियों की शुक्रवार की बिक्री से आया कैश बैंकों में जमा नहीं हो सका। कारोबारियों के चेक क्लीयरेंस से जुड़े भुगतान भी अटक गए। बैंक शाखाओं के माध्यम से होने वाले आरटीजीएस, एनईएफटी, खाते और नकदी प्रबंधन से जुड़े काम भी प्रभावित हुए। हालांकि यूपीआई और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं के जरिए छोटे और तत्काल भुगतान होते रहे।
हड़ताल के बाद दो छुट्टियां, तीन दिन कैश रखने की मजबूरी कारोबारियों की चिंता केवल शुक्रवार की हड़ताल तक सीमित नहीं है। हड़ताल के तुरंत बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी पड़ने से कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों के पास तीन दिन की बिक्री की नकदी जमा होने की स्थिति बन गई है। इससे खासकर ज्यादा कैश संभालने वाले कारोबारियों के सामने नकदी की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है। ऐसे सरकारी विभाग और प्रतिष्ठान भी प्रभावित हुए, जहां नकद भुगतान जमा होता है और यात्री अथवा अन्य सेवाएं दी जाती हैं। यहां जमा हुई नकदी भी बैंक में नहीं पहुंच सकी।
कई बैंकों में लटके रहे ताले, कुछ में हुआ काम राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ निजी क्षेत्र के नैनीताल बैंक की शाखाओं में भी हड़ताल का असर दिखाई दिया। वहीं जिन बैंकों में यूनियन का प्रभाव नहीं रहा, वहां सामान्य कामकाज हुआ। इनमें आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, यस बैंक, एचडीएफसी बैंक और सिटी यूनियन बैंक की शाखाएं शामिल रहीं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने सिविल लाइंस स्थित इंडियन बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। यूनाइटेड फोरम के जिला संयोजक नवींद्र कुमार ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल तथा 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत कई मांगें बैंक संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, पीएलआई की विसंगतियां दूर करना, द्विपक्षीय समझौते की भावना का सम्मान, पेंशन अपडेशन, पुरानी पेंशन बहाली, हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी कम करना और बेहतर ग्राहक सेवा के लिए बैंकों में पर्याप्त कर्मचारियों की भर्ती शामिल है। यूनाइटेड फोरम के अध्यक्ष पीके माहेश्वरी ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। प्रदर्शन में फोरम के उपाध्यक्ष ओपी बढ़ेरा, संतोष तिवारी, महिला प्रकोष्ठ की रश्मि शर्मा, इंडियन बैंक अधिकारी संघ के नेता अश्विन आर्य और जिला मंत्री संजीव मेहरोत्रा समेत बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें

BAREILLY NEWS: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से लूट, कान से कुंडल खींचकर भागे बाइक सवार लुटेरे, रिपोर्ट दर्ज बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार लुटेरों ने कुंडल लूट लिया। बदमाशों ने पीछे से आकर महिला के कान पर झपट्टा मारा और कुंडल खींचकर भाग निकले। कुंडल इतनी ज

बरेली में महिलाओं के लिए हॉस्टल, बुजुर्गों के लिए बनेगा दादा-दादी पार्क, DM ने तैयार किया खाका, जानें पूरा प्लान बरेली। बरेली शहर की तस्वीर आने वाले दिनों में बदली नजर आ सकती है। कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित हॉस्टल, बुजुर्गों के लिए दादा-दादी पार्क, वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग और शहर को नया

