बिना टिकट यात्रियों के मामले में रोडवेज के दो टीआई निलंबित बरेली-हल्द्वानी रूट की बस में 15 यात्री मिले बिना टिकट, बरेली-बदायूं रूट पर भी पांच यात्री पकड़े गए बरेली। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लखनऊ मुख्यालय के प्रवर्तन दल ने बरेली डिपो की बस

बिना टिकट यात्रियों के मामले में रोडवेज के दो टीआई निलंबित
बरेली-हल्द्वानी रूट की बस में 15 यात्री मिले बिना टिकट, बरेली-बदायूं रूट पर भी पांच यात्री पकड़े गए
बरेली। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लखनऊ मुख्यालय के प्रवर्तन दल ने बरेली डिपो की बसों में औचक चेकिंग की। बरेली-हल्द्वानी और बरेली-बदायूं रूट पर की गई कार्रवाई में कुल 20 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए बरेली-हल्द्वानी रूट के टीआई प्रदीप कुमार गुप्ता और बदायूं रूट के टीआई भानु प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
लखनऊ मुख्यालय के प्रवर्तन दल ने बरेली डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलटी 5178 में औचक छापेमारी की। चेकिंग के दौरान बस में 15 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। प्रवर्तन दल ने मौके पर ही यात्रियों से पूछताछ की और परिचालक तथा चालक की भूमिका की भी जांच की।
बिना टिकट यात्रियों के मिलने के बाद बस के परिचालक मनोज कुमार गुप्ता और चालक हरविंदर कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुख्यालय की टीम ने बरेली-हल्द्वानी और बरेली-बदायूं मार्ग पर संचालित अन्य बसों की भी जांच की। बरेली-बदायूं मार्ग पर पांच यात्री बिना टिकट पकड़े गए।
लंबे समय से मिल रही थी कम आमदनी की शिकायत
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक बरेली-हल्द्वानी रूट पर लंबे समय से कम आमदनी की शिकायतें मिल रही थीं। यात्रियों की ओर से भी शिकायतें सामने आ रही थीं कि बस में यात्रा के दौरान कुछ परिचालकों द्वारा यात्रियों को टिकट नहीं दिया जाता है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने मामले पर संज्ञान लिया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिवहन निगम मुख्यालय के प्रधान प्रबंधक से आग्रह किया था कि बरेली से संचालित बसों की मुख्यालय स्तर से औचक चेकिंग कराई जाए, जिससे बिना टिकट यात्रियों के मामले सामने आ सकें और रूट की वास्तविक आमदनी का पता लगाया जा सके।
मुख्यालय की टीम ने पहुंचकर की औचक चेकिंग
क्षेत्रीय प्रबंधक के आग्रह के बाद लखनऊ मुख्यालय के प्रवर्तन दल की टीम बरेली पहुंची। टीम ने बरेली-हल्द्वानी और बरेली-बदायूं रूट पर संचालित बसों की जांच की। चेकिंग के दौरान बरेली-हल्द्वानी मार्ग की बस में 15 और बरेली-बदायूं मार्ग पर पांच यात्री बिना टिकट मिले।
एक साथ बड़ी संख्या में बिना टिकट यात्री पकड़े जाने के बाद परिवहन निगम अधिकारियों में खलबली मच गई। मामले में संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की गई।
दोनों टीआई पर गिरी गाज
चेकिंग रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बरेली-हल्द्वानी रूट के टीआई प्रदीप कुमार गुप्ता और बरेली-बदायूं रूट के टीआई भानु प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि रूट पर तैनात निगरानी अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है कि बसों में टिकट व्यवस्था की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
दोनों टीआई के खिलाफ हुई कार्रवाई को रोडवेज विभाग में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रियों के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टिकट व्यवस्था में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है कि रोडवेज बसों में बिना टिकट यात्रियों के मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों को नियमानुसार टिकट उपलब्ध कराना परिचालक की जिम्मेदारी है और इसकी निगरानी करना संबंधित अधिकारियों का दायित्व है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी रूट पर दोबारा बिना टिकट यात्री पकड़े जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के साथ-साथ निगरानी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
रोडवेज विभाग की इस कार्रवाई के बाद बरेली डिपो के विभिन्न रूटों पर चेकिंग और निगरानी और अधिक सख्त होने की संभावना है। अधिकारियों का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ ही परिवहन निगम की आय में होने वाले नुकसान को रोकना है।
यह भी पढ़ें

बरेली में 67 दरोगाओं का तबादला: SSP ने एक झटके में बदले थाने और चौकियों के प्रभारी, देखें किसे कहां भेजा बरेली। बरेली में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी अनुराग आर्य ने 67 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इनमें थानों में तैनात दरोगाओं के साथ कई चौकी

फतेहगंज पूर्वी में कल रहेगी विद्युत बंदी, 13 घंटे चलेगा ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि का काम फतेहगंज पूर्वी, बरेली। विद्युत विभाग द्वारा फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर पावर ट्रांसफार्मर नंबर-1 की क्षमता वृद्धि का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 9 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक विद्युत आपूर्त

